फिरोजाबाद: फिरोजाबाद के टूंडला में बनकट के समीप सिंचाई विभाग के खंडहर में मिले युवक के शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने घटना के तीसरे दिन 3 आरोपियों की गिरफ्तारी की है। एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि 30 जून की सुबह बनकट रोड स्थित सिंचाई विभाग के खंडहर में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की जानकारी चौकीदार चुन्नीलाल ने पुलिस को दी थी। मौके पर वह पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे थे। जहां से बीयर की तीन खाली केन बरामद हुई थी। पुलिस ने घटना को लेकर जांच पड़ताल शुरू की। शाम तक पुलिस ने शव की शिनाख्त धर्मवीर पुत्र गिर्राज सिंह निवासी धर्मपुर थाना पचोखरा के रूप में की।
पुलिस ने उसके दोस्त दीपक पुत्र विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने दो अन्य साथियों भोला उर्फ मुनेश पुत्र महाराज सिंह व लहटू उर्फ विष्णु पुत्र रनवीर सिंह निवासीगण नौपुरा थाना सादाबाद हाथरस के नाम भी पुलिस को बताए। पुलिस ने तीनों को नगला महादेव तिराहा के पास से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दीपक ने बताया कि हम दोनों टावर कंपनी में काम करते थे। उनके बीच में लेन देन होता रहता था। पांच महीने पहले उसने धर्मवीर से 60 हजार रुपए उधार लिए थे। जिसमें से 30 हजार वापस कर दिए थे।
मोबाइल सट्टे में वह करीब दो लाख रुपए हार गया था। जिससे वह धर्मवीर के पैसे नहीं दे सका। दीपक ने बताया कि धर्मवीर पैसे के लिए तगादा करता था और गाली गलौज भी करता था। एक दिन उसने मां और बहन को उसके घर भेजने और 30 हजार रुपए बराबर करने की बात कही। यह बात उसके दिल को चुभ गई। उसी समय उसने अपने दोस्त भोला और लहटू से धर्मवीर को मारने की योजना तैयार की। इसके लिए धर्मवीर के खाते में पांच से छह लाख रुपये पड़े होने की जानकारी देते हुए उसके मोबाइल यूपीआई का पासवर्ड पता होने पर उन रुपयों को निकालकर हत्या के एवज में देने की बात कही थी।
फिरोजाबाद में धर्मवीर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर 3 को किया गिरफ्तार |
आरोपी दीपक ने उन दोनों साथियों का नाम प्रकाश में न आने की बात कहते हुए कहा था कि मैं क्राइम पेट्रोल देखता हूं। तुम्हारा नाम पुलिस में नहीं आएगा। मैं न अपना मोबाइल प्रयोग करूंगा और न तुम्हारे फिंगरप्रिंट आने दूंगा, जिसके लिए उन्होंने ग्लब्स का प्रयोग किया। हत्या से पहले आरोपी एक बाइक पर और दूसरी बाइक से धर्मवीर बनकट रोड स्थित खंडहर में बियर पीने के लिए गए। जहां बियर पीने के बाद उन्होंने अंगोछे से फंदा बनाकर उसे लटकाकर हत्या कर दी और शव को खंडहर में फेंककर फरार हो गए। आरोपी उसका मोबाइल, बाइक भी साथ ले गए थे। आरोपियों ने जनसेवा केंद्र पर जाकर उसके खाते से 99 हजार रुपए भी निकाल लिए थे। पुलिस ने उनके पास से एक अंगौछा, 2 ग्लब्स, मोबाइल, 95000 रुपये व घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद की है।