नई दिल्ली। UP सरकार में पूर्व मंत्री रहे आशुतोष टंडन (Ashutosh Tandon) गोपाल का गुरुवार को निधन हो गया। उनका मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा था। वह लखनऊ पूर्वी सीट से वर्तमान में बीजेपी विधायक थे। वह मेदांता हॉस्पिटल में बीते एक माह से भर्ती थे। उन्हें मेटास्टैटिक कैंसर की परेशानी थी। यह कैंसर पूरे शरीर में फैल चुका था। इसी के कारण धीरे-धीरे मल्टी आर्गन फैलियर भी हो रहा था।
महत्वपूर्ण अंगों के काम नहीं करने पर 20 दिनों से वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे, और आज सुबह हृदय गति रुकने से उनकी मृत्यु हो गई। आशुतोष टंडन को लोग प्यार से गोपाल जी कहकर बुलाते थे, वो लगातार तीन बार लखनऊ ईस्ट विधानसभा सीट से विधायक रहे थे। साल 2014 में उन्होंने सपा की प्रत्याशी जूही सिंह को हराया था वहीं दो बार सपा उम्मीदवार रहे अनुराग भदौरियों को भारी मतों के अंतर से हराया था।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया शोक
आशुतोष टंडन के निधन पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने दुख प्रकट किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर एक पोस्ट कर लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं लखनऊ पूर्व के विधायक, आशुतोष टंडन के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ। उनका राजनीतिक जीवन लखनऊ वासियों की सेवा में समर्पित था। पार्टी को मजबूती देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।”