बहराइच: श्रावस्ती के इकौना विकास खंड के रामपुर कटेल गांव निवासी भभूति प्रसाद ने अपने बछड़े नंदी का विवाह एक साल पहले बहराइच के के निहनिया कुट्टी की बछिया नंदिनी से तय की थी। शादी से पहले विवाह का शुभ मुहूर्त निकाला गया। विवाह की तिथि 26 दिसंबर तय की गई। इसके बाद बछड़े का बरीक्षा भी हुआ, फिर पंचांग देखकर तिलक की रस्म पूरी की गई।
गांव के साथ ही आसपास के इलाकों में निमंत्रण पत्र भेजे गए। बीती रात गौ वंश की बारात बड़े ही धूमधाम के साथ बहराइच पहुंची। बाराती भी सैकड़ों में थे। कई लोग तो उत्सुकतावश ही इसमें शामिल हो गए। दूल्हे को ट्रैक्टर ट्राली पर बिठाया गया और फिर डीजे की धुन पर नाचते-गाते बाराती दुल्हन यानी बछिया के घर की ओर चले।
रस्मो रिवाज के मुताबिक ही बारात की आगवानी की गई। दूल्हे को सेहरा पहनाया गया। और गौवंश की पूरे रीति रिवाजों के साथ शादी करा दी गई। बछिया और बछड़े पक्ष ने तय किया है कि फिलहाल विदाई नहीं की जाएगी। विदाई की तिथि 28 दिसंबर रखी गई है। हालांकि अभी बछिया की विदाई नहीं होगी।
बछड़े के संरक्षक भभूति प्रसाद कहते हैं कि ये विवाह समाज में एक अच्छा संदेश देगा। इससे लोग गौवंश के संरक्षण के प्रति जागरूक होंगे। ग्रामीणों में इस शादी की अपार खुशी भी देखने को मिली।