वाराणसी. वाराणसी नगर निगम खुद को तेजी से हाईटेक और डिजिटल बना रहा है। इसी कड़ी में अब नगर निगम के जन्म-मृत्यु रिकॉर्ड विभाग के सभी दस्तावेजों को डिजिटल कर ऑनलाइन करने का काम शुरू हो गया है। इसके लिए जन्म-मृत्यु रिकॉर्ड विभाग से सालों पुराने गट्ठरों को खोलकर उनके स्कैन का काम जारी है। जन्म मृत्यु विभाग के सभी दस्तावेज ऑनलाइन होने के बाद लोगो को दफ्तर के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।
वाराणसी नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि 2 माह में इस काम को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डिजिटाइजेशन की इस प्रकिया के तहत 55 साल पुराने सभी जन्म-मृत्यु के सर्टिफिकेट को ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे एक क्लिक में सभी जानकारी आसानी से मिल सके।
उन्होंने बताया कि हर दिन नगर निगम में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कारदाई संस्था इस काम को कर रही है। फिलहाल हर दिन सुबह से शाम तक 10 से 15 रजिस्टरों को स्कैन कर सेव किया जा रहा है। बता दें कि सीएसआर फंड से इस काम को किया जा रहा है। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए अब नगर निगम मुख्यालय आने की जरूरत नहीं होगी।
जल्द ही वाराणसी नगर निगम के सभी जोनल कार्यालय पर लोग जन्म मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए आवदेन कर सकेंगे। वाराणसी के नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने इसके लिए पहल की है। आवदेन के बाद उसी कार्यालय से उन्हें प्रमाणपत्र की हार्ड कॉपी भी मिल जाएगी। इसके लिए नगर निगम के 6 जोन कार्यालय पर कम्प्यूटर ऑपरेटर की तैनाती की गई है।