शुक्लागंज/उन्नाव। उन्नाव में रविवार को पुलिस भर्ती परीक्षा देने आई गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा हुई, जिसकी जानकारी उसने कक्ष निरीक्षक को दी। केंद्र व्यवस्थापक ने तत्काल महिला को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। डॉक्टर के मुताबिक, जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।
महिला सुनीता देवी पत्नी दीपक कुमार बीघापुर विकासखंड के सुमेरपुर मन्नू खेड़ा की रहने वाली है, वह रविवार को पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए उन्नाव आई थी। उन्नाव में शुक्लागंज के कंचन नगर में महर्षि दयानंद सरस्वती मिशन इंटर कॉलेज में उसका सेंटर पड़ा था। वह परीक्षा दे ही रही थी कि प्रसव पीड़ा का एहसास हुआ, जिसकी जानकारी उसने कक्ष निरीक्षक को दी। कक्ष निरीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र व्यवस्थापक को जानकारी दी। पुलिस परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। सुनीता को स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। डॉक्टर के अनुसार जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सुनीता के पति दीपू की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है।