हरदोई के रहने वाले एक सेना के जवान की दिल्ली में ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई थी। रविवार को सैनिक का शव गांव पहुंचा। बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर मृतक सेना के जवान को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। कुसुमखोर घाट पर अंतिम संस्कार के पूर्व उसे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। पुलिस प्रशासन के किसी अधिकारी के ना पहुंचने को लेकर खासी चर्चा रही है।
हरपालपुर थाना क्षेत्र के पलिया गांव निवासी अरुण कुमार सिंह (35) पुत्र अमर सिंह सेना भवन नई दिल्ली में सिंगल कोर वायरलेस ऑपरेटर पद पर तैनात था। शुक्रवार की रात रेलवे ट्रैक पर उसका शव क्षत विक्षत अवस्था में बरामद हुआ था। शनिवार को जीआरपी पुलिस की ओर से शव का पोस्टमार्टम होने के बाद देर रात शव गांव पहुंचा। कुसुमखोर गंगा घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के पूर्व 11 गोरखा रेजीमेंट के नायब सूबेदार पवन कटवाल के नेतृत्व में सेना के जवानों ने तिरंगा उढाकर मृतक सैनिक को सशस्त्र सलामी दी।
इसके बाद सेना के अफसरो ने मृतक के पिता अमर सिंह को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा झंडा सौंपा। इस मौके पर सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराग सिंह यादव पम्मू, अधिवक्ता संघ हरदोई के पूर्व अध्यक्ष राम प्रताप सिंह, सेवानिवृत्त नायब सूबेदार अमर सिंह, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर नेत्रपाल सिंह, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर शिवकुमार सिंह, रिटायर्ड हवलदार भानु प्रताप सिंह समेत बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धांजलि दी। मृतक सेना के जवान के घर से लेकर अंतिम संस्कार स्थल तक पुलिस या प्रशासन का कोई भी अधिकारी नहीं पहुंचा। जिसकी लोगों में खासी चर्चा रही है।