हरदोई/बेनीगंज। नैमिषारण्य गुरुद्वारे जाते समय बाइक सवार को जमुनिया मोड़ के पास एक बाइक पर सवार होकर आए तीन लोगों ने रोक लिया। इन लोगों ने बाइक सवार से उसका नाम पूछा। नाम बताते ही एक हमलावर ने बाइक चला रहे युवक के पेट में सटाकर गोली मार दी। गंभीर हालत में परिजन उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले गए। घटना का पता चलने पर एसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। वहीं, घायल के परिजनों ने किसी से रंजिश होने की बात से इन्कार किया है।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के करीमनगर गांव में डीह झाला के निवासी निर्मल सिंह (32) वर्ष खेती करते हैं। रविवार सुबह वह अपने मामा अंबाला निवासी गुरजीत सिंह के साथ बाइक से नैमिषारण्य गुरूद्वारा जाने के लिए निकला था। गुरजीत सिंह के मुताबिक रविवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में जमुनिया मोड़ के पास एक बाइक पर सवार होकर आए तीन लोगों ने रोक लिया।
इनमें से एक ने निर्मल से नाम पूछा। जैसे ही उसने बताया कि नाम निर्मल है तो साथ आए दूसरे युवक ने निर्मल के पेट में गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी भाग गए। लेकिन घायल होने के बाद भी निर्मल और गुरजीत ने आराेपियों का कुछ दूर तक पीछा किया। इसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। निर्मल को परिजन सीधे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले गए। प्रतापनगर चौकी प्रभारी नीरज कुमार को साथ में भेजा गया है। घटना से सनसनी फैल गई।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह, कोतवाल संजय त्यागी सुबह लगभग 10 बजे मौके पर पहुंच गए। इसके बाद डीह झाला भी गए और घटना को लेकर जानकारी की। शाम को एसपी नीरज कुमार जादौन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। कोतवाल संजय त्यागी को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।