Lalitpur News : ललितपुर के नाराहट में रात में सोते समय पिता-पुत्री को सांप ने डस लिया, जिसके चलते पुत्री की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर होने पर उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया। गुरयाना निवासी राजकुमार गुरुवार की रात अपनी 4 वर्षीय पुत्री करिश्मा व पत्नी के साथ कमरे में जमीन पर लेटा हुआ था। तभी रात सांप ने करिश्मा के गले में डस लिया। इसके बाद पिता राजकुमार के कंधे में डस लिया।
सांप के डसते ही राजकुमार की नींद खुल गई। उसने देखा कि सांप उसे डसकर बाहर की ओर चला गया। राजकुमार उस समय यह नहीं समझ पाया कि बेटी को भी सांप ने डसा है। जिसके चलते वह अकेला ही उपचार के लिए ललितपुर अस्पताल पहुंचा। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर परिजन उसे झांसी ले गए। शुक्रवार की सुबह 8 बजे करिश्मा की नींद खुली और उसकी हालत बिगड़ गई। जिसके बाद परिजनों ने गौर से देखा तो उसके गले में सांप के काटे जाने के निशान थे। परिजन जिला अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं कोतवाली सदर के थनवारा निवासी 33 वर्षीय बालमुकुन्द पुत्र बाबूलाल अहिरवार शुक्रवार की दोपहर में खेत पर गया हुआ था। जब वह खेत पर काम कर रहा था। तभी पैर में उसे सांप ने डस लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।