UP news: यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में आज अलग ही नजारा देखने को मिला, जब वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सपा विधायक के सवाल का जवाब देते हुए शायरी सुनाने लगे। इस बीच बगल में बैठे मुख्यमंत्री योगी खिलखिला कर हंस पड़े। उन्होंने ही धीरे से सुरेश खन्ना को शायरी सुनाने का इशारा दिया। वित्त मंत्री की शायरी सुनकर पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश राज्य विधानमंडल का मानसून सत्र आज (सोमवार) से शुरू हो चुका है। दरअसल, मानसून सत्र के दौरान सुरेश खन्ना और सपा विधायक के बीच हंसी मजाक चल रहा था। इस बीच वित्त मंत्री ने सपा विधायक की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनके बाल इसी सदन में सफेद हुए हैं, क्योंकि ये अनुभवी हैं। लंबे समय से विधानसभा में हैं, जो बाल काले दिख रहे हैं वो केमिकल के चलते हैं। इस पर सपा विधायक ने कहा कि खन्ना जी हमारा बहुत ख्याल रखते हैं, वो मेरे दिल में बसते हैं।
तो इसके जवाब में सुरेश खन्ना ने चुटकी लेते हुए कहा कि हम भी आपको अक्सर विश करते हैं, लेकिन चाहते हैं कि इस बार होली पर आप हमारे शाहजहांपुर आएं। इसके बाद सुरेश खन्ना ने शायरी पढ़ी और कहा-‘मुफ़्त में शेर सुनाने का मैं नहीं कायल, एक कप चाय पिलाओ तो गजल अर्ज़ करूं।
सदन की कार्यवाही की शुरुआत में सीएम योगी ने 4 नए मंत्रियों का सबसे परिचय कराया। इनमें- ओम प्रकाश राजभर, दारा सिंह चौहान, अनिल कुमार व सुनील शर्मा शामिल रहे। वहीं, सदन में इटावा से विधायक नए नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय का परिचय विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कराया। इसके बाद नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सदन में प्रदेश की समस्याओं के बारे में सवाल उठाया।