शाहजहांपुर: शीत लहर के चल रहे प्रकोप के मद्देनजर शनिवार को यूनिटी संस्था के पदाधिकारी गणों द्वारा जिला कारागार में सभी महिला बंदियों व उनके साथ रह रहे बच्चों को गरम कम्बल भेंट किये गये। साथ ही साथ सभी को बिस्कुट व मिष्ठान वितरण किया गया।
भारतीय संस्कृति व आध्यात्मिक धर्म दर्शन के ज्ञान बर्धन हेतु श्रीमद्भागवत गीता भी भेंट की गई। महिला बंदियों को यह सुझाया गया कि पढ़ी-लिखी महिला बंदी अन्य महिला बंदियों को गीता पाठ के द्वारा उक्त ज्ञानवर्धन का कार्य करें, इससे उन्हें जीवन दर्शन के बारे में भी जानकारी होगी और साथ ही साथ कारागार में निरुद्धि के समय उनका समय आराम से व्यतीत होगा और उनमें अवसाद और तनाव भी घर नहीं कर पायेगा।
इस अवसर पर यूनिटी संस्था की संरक्षक डॉक्टर संगीता मोहन के द्वारा जेल अधीक्षक मिजाजी लाल की प्रशंसा करते हुये कहा कि उनके इस कारागार पर आने के बाद से कारागार की छवि ही बदल गई है तथा कारागार ने एक नया रूप ग्रहण कर लिया है। समस्त जनपद में उनके कार्यों की प्रशंसा हो रही है।
साथ ही उन्होंने कहा खुशी की बात यह है कि वर्तमान जेल अधीक्षक द्वारा कारागार में बंदियों के लिए इस तरह का वातावरण पैदा किया गया है कि बंदी अपना कौशल विकास और व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं।
जेल अधीक्षक मिजाजीलाल ने यूनिटी संस्था के पदाधिकारीगणों का स्वागत किया और बंदियों के कल्याणार्थ उठाए गए कदम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कड़ाके की सर्दी में बंदियों की मदद के लिए संस्था द्वारा भेंट किए जा रहे कम्बल अति उपयोगी हैं तथा महिला बन्दियों एवं पुरुष बंदियों के लिए उपलब्ध कराई गई श्रीमद् भागवत गीता अति महत्वपूर्ण है। बंदी अपने जीवन में उसके सिद्धांतों को अपना कर स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकते हैं।
सभी महिला बंदी एवं बच्चे उक्त सामग्री पाकर प्रसन्न चित्त दिखाई दिए और सभी महिला एवं बच्चों के द्वारा संस्था के पदाधिकारी गणों का अभिवादन कर आभार प्रकट किया। जिसमें बच्चों के द्वारा सामग्री प्राप्त करते समय थैंक यू बोलना पदाधिकारी गणों को बहुत आकर्षित किया कि कारागार में रहते हुए भी बच्चों को संस्कार सिखाए जा रहे हैं और वह एक अच्छे नागरिक बनने की ओर अग्रसर है।
इस अवसर पर यूनिटी संस्था के पदाधिकारियों में संस्था की संरक्षक एवं जनपद की ख्याति प्राप्त चिकित्सक डॉ संगीता मोहन, संस्था की अध्यक्ष डॉक्टर एकता अग्रवाल, सचिव शैली गुप्ता ,नीता अग्रवाल, रूपम वर्मा आदि मौजूद रहे ।
रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव