Ghosi Election Result: मऊ जनपद की घोसी विधानसभा सीट के नतीजों ने सत्तारूढ़ दल को करारी शिकस्त दी है। एक साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को इस सीट पर मिली हार उपचुनाव में भी बरकरार रही। पार्टी प्रत्याशी दारा सिंह चौहान अपनी सीट बचाने में नाकाम रहे और सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने उनसे से ये सीट छीन ली है। इस जीत के साथ समाजवादी पार्टी सहित विपक्ष के नेता बेहद उत्साहित हैं, वहीं भाजपा खेमे में मायूसी है। सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने भाजपा के दारा सिंह चौहान को 42276 वोट से हराया।
सुधाकर सिंह को 124295 वोट मिले। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुधाकर सिंह की जीत पर घोसी की जनता को बधाई दी। उन्होंने कहा कि घोसी की जनता ने भाजपा को ‘पचास हजारी पछाड़’ दी है। ये भाजपा की राजनीतिक ही नहीं, नैतिक हार भी है। वहीं पार्टी की ओर से ट्वीट में कहा गया कि विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह की प्रचंड जीत के लिए घोसी की महान जनता का हृदय से आभार।
वही अखिलेश यादव ने ट्वीट कर घोसी के विधानसभा उपचुनाव के साथ-साथ उत्तर प्रदेश जिला पंचायत उपचुनावों में लखनऊ, मिर्जापुर, जालौन, बहेड़ी में सपा उम्मीदवारों की बड़ी जीत पर सभी मतदाताओं, सभी विजई प्रत्याशियों, सक्रिय नेतागणों – पदाधिकारियों, ऊर्जावान कार्यकर्ताओं- साहसी बूथ रक्षकों को बधाई, धन्यवाद और शुभकामनाएं दी हैं।