HMPV News: एचएमपीवी वायरस ने लखनऊ में दस्तक दे दी है। शहर की एक महिला की जांच के बाद निजी लैब ने उन्हें एचएमपीवी पॉजिटिव करार दिया है। महिला को चरक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां से रात 11 बजे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती किया गया। निजी लैब की जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई हैं। आगे की जांच के लिए सैंपल को केजीएयू भेजा गया है।
महिला को अस्पताल के वार्ड नंबर 11 के आइसोलेशन में रखा गया है। 60 वर्षीय महिला लखनऊ के कैंट क्षेत्र की निवासी है। एचएमपीवी की देश में दस्तक के साथ ही स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। वर्तमान में देश में बुधवार तक 11 मामले सामने आ चुके हैं। चिकित्सकों के मुताबिक लोगों को इससे घबराने की जरूरत नहीं है। अमूमन यह जाड़े के दिनों में फैलता है और जुकाम, बुखार खांसी, सीने में जकड़न आदि करता है। इससे बचाव का सबसे सहज तरीका ठंड के बावजूद लगातार पानी पीते रहना है। साथ ही भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना, फ्लू जैसे लक्षणों वाले मरीजों से दूरी रखना आदि सावधानियां बरतना है।