Hardoi News : कांग्रेस के राज्यसभा सांसद के यहां इनकम टैक्स की रेड में मिले करोड़ों रुपए के मामले में भाजपा ने कांग्रेस पर हल्ला बोल दिया है। भाजपा ने आज देश भर में कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हरदोई में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में कांग्रेस पार्टी के भ्रष्टाचार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी को भ्रष्टाचारियों की पार्टी बताया।
साथ ही, कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला फूंका। साथ ही, जमकर नारेबाजी भी की। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बीजेपी लोगों तक कांग्रेस के भ्रष्टाचार को सामने लाने में जुटी है।
भारतीय जनता पार्टी हरदोई के जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कांग्रेस का पुतला फूंका। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौपा। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, ‘कांग्रेस के राज्यसभा सांसद जिनके घर से अभी तक 300 करोड़ रुपए मिल चुके हैं। नोटों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ है। ‘मोहब्बत की दुकान’ के अंदर से भ्रष्टाचार का माल निकला है। भारतीय जनता पार्टी जनता को जागरूक कर रही है। बीजेपी लोगों तक संदेश देने का काम कर रही है।
अजीत सिंह बब्बन ने कहा, ‘जो हमारी पार्टी कह रही थी वह सही है। कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की जननी थी, जननी है और जननी रहेगी। इसीलिए हम लोग कहते हैं कांग्रेस मुक्त भारत बनाना होगा। कांग्रेस व उसके जितने भी सहयोगी दल हैं वह सब भ्रष्टाचार में पूरी तरह से लिप्त हैं।भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बर ने कहा कि, इंडिया गठबंधन कुछ है ही नहीं। हर अक्षर के आगे डॉट लगा है। जब गठबंधन अपने आप डॉट- डॉट लगाये हुए हैं तो जनता इनका डॉट-डॉट करने वाली है।