लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ नवरात्र में ही दिवाली का तोहफा देने जा रहे हैं। 26 सितंबर यानी शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतष्ठिान के जूपिटर हाल में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। इस दौरान सीएम योगी की उपस्थिति में प्रदेश के 4 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। अभी तक यह छात्रवृत्ति फरवरी एवं मार्च में मिलती थी। इस बार दिवाली से पहले नवरात्रि में ही मिलेगी।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण नरेन्द्र कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में छात्रवृत्ति वितरण व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि पूर्व में छात्रवृत्ति फरवरी एवं मार्च माह में दी जाती थी। अब इसे नवरात्र में वितरित किया जा रहा है। इससे छात्र-छात्राएं इसका लाभ समय पर उठा सकेंगे। यह छात्र छात्राओं के लिए एक तरह से दीपावली का उपहार भी होगा।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में प्रदेश के पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लगभग 59 लाख छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति मिली थी। इस बार वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 70 लाख से अधिक हो जाएगी। सरकार द्वारा छात्रवृत्ति का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है।
मंत्री ने यह भी कहा कि छात्रों को समय से पूर्व छात्रवृत्ति मिल सके। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदत्यिनाथ से मार्गदर्शन लेकर पिछड़ा वर्ग कल्याण, समाज कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने मिलकर व्यापक रणनीति बनाई। यही कारण है कि इस बार छात्रवृत्ति का लाभ छात्रों तक नवरात्र के अवसर पर पहुंचेगा।
इस आयोजन के अवसर पर अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओम प्रकाश राजभर, पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप, समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, राज्य मंत्री समाज कल्याण संजीव गोंड, एवं अल्पसंख्यक राज्य मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी उपस्थित रहेंगे।