लखनऊ: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 8 अक्टूबर को आजम खान से मिलने जाएंगे। खास बात ये है कि अखिलेश का ये दौरा मायावती की लखनऊ में होने वाली रैली से ठीक एक दिन पहले का लगाया गया है। इसके पीछे भी सपा की रणनीति बताई जा रही है। क्योंकि आजम खान के बसपा में जाने की अटकलें हैं। सीतापुर जेल से छूटने के बाद और आज, बुधवार को मीडिया से बातचीत में आजम ने अखिलेश पर तंज भी कसा।
आजम ने कहा, वो बड़े नेता हैं, अगर मेरे बारे में कुछ कहते हैं तो उनका बड़प्पन है। यह भी कहा, वो नेताजी की औलाद हैं, हमें भी उतने ही अजीज हैं, जितना वो नेताजी के रहे होंगे। अखिलेश प्राइवेट जेट से 8 अक्तूबर की सुबह 10 बजे अमौसी एयरपोर्ट से बरेली एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरेंगे। यहां से सड़क मार्ग से अखिलेश सीधे रामपुर आजम खान के घर पहुंचेंगे। आजम खां के यहां लगभग एक घंटे का कार्यक्रम रखा गया है। इसके बाद वे वापस बरेली होते हुए लखनऊ आ जाएंगे।