Gorakhpur News: सोमवार से गोरखपुर समेत आसपास इलाके में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मंगलवार तक घने बादल छाए रहेंगे। तेज गरज, चमक के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम वैज्ञानिक संजय सिंह ने बताया कि पूर्वी देशांतर के आस-पास मध्य क्षोभमंडल में हवा का घुमाव तेजी से हो रहा है। जिसके प्रभाव की वजह से मध्य पाकिस्तान पर निचले क्षोभ मंडल में एक उत्प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बनने लगा है।
मौसम बदलाव की इन परिस्थितियों की वजह से मौसम का मिजाज बदलेगा। इसका असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिलेगा। जिसके चलते सोमवार को आसमान में बदली छाने के साथ कुछ जगहों पर गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। इसका असर मंगलवार तक देखने को मिलेगा।
इसके बाद पारा गिरने और आर्द्रता बढ़ने से ठंड का अहसास होने लगेगा। रविवार को अधिकतम तापमान 32.8 व न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह हवा में नमी रहने के चलते सुबह 8:30 तक आर्द्रता 78 प्रतिशत दर्ज किया गया जबकि शाम 5:30 बजे 55 प्रतिशत दर्ज किया गया। जिसके चलते दिन में तीखी धूप से मौसम शुष्क बना रहा।