लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दीपावली के शुभ अवसर पर कई दिनों से धरने पर बैठी पुलिस की आपातकालीन सहायता डायल 112 की कर्मचारियों से मुलाकात की और उनके साथ दीपावली का त्योहार मनाया। इस दौरान अखिलेश ने महिला कर्मचारियों से उनका साथ देने की बात कही और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि सपा इन महिला कर्मचारियों की आवाज बनेगी और उनके हक के लिए लड़ेगी। बता दें कि पुलिस की आपातकालीन सहायता डायल-112 की कर्मचारी वेतन में बढ़ोतरी और ज्वाइनिंग लेटर की मांग को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठी थी। महिलाएं सीएम योगी से मुलाकात कर अपनी बात रखना चाहती थी। लेकिन वो सीएम योगी से नहीं मिल पाई और उनके खिलाफ पुलिस द्वारा मामला भी दर्ज किया गया था।
लेकिन, रविवार दिवाली के दिन महिलाओं ने अपनी मांग पूरी हुए बिना ही धरना खत्म कर दिया। इसके बाद ये महिला कर्मचारी यहां से अखिलेश यादव के आवास पर पहुंची, जहां उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव के साथ दीपावली का त्योहार मनाया।
अखिलेश-डिंपल ने डायल 112 की महिलाओं के साथ मनाई दीपावली |
अखिलेश यादव ने दिवाली उत्सव की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तस्वीरें शेयर कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “इस बार हमने अपने घर पर ‘डायल 100’ की संघर्षरत बहनों के साथ, एक परिवार की तरह दिवाली मनाई और उन्हें आश्वस्त किया कि सपा ‘डायल 100’ की बहनों के संघर्ष की आवाज़ बनेगी।
साथ ही इस संवेदनात्मक-संकल्प के दीप भी जलाए कि उनके साथ, बिना किसी दुर्भावना के सच्चा न्याय सुनिश्चित हो। संवेदना, समाजवादी मूल्यों की भावनात्मक-कोख होती है, जिससे समाज के शोषितों के लिए सद्भावना जन्म लेती है।”