हरदोई: जनपद में महिला सशक्तिकरण को लेकर लगातार बड़े-बड़े दावे किए जाते रहते हैं। जनप्रतिनिधि से लेकर पुलिस के आला अफसर तक महिला सशक्तिकरण के बड़े-बड़े दावे करते आ रहे हैं, और महिला सशक्तिकरण को लेकर अभियान भी चलाया जाता रहता है, लेकिन फिर भी जनपद में महिलाएं महफूज नहीं है। जनपद में आए दिन महिलाओं के साथ लूट व टप्पेबाजी की घटनाएं तो होती ही रहती हैं साथ ही हत्या और मारपीट जैसे भी मामले सामने आते हैं।
बाइक सवार बदमाशों ने किशोरी पर चाकू से किए कई वार
ऐसी ही एक घटना हरदोई जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र में हुई जहां एक दुकान पर कुछ सामान लेने गई 13 वर्षीय किशोरी मोहिनी पर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े एक किशोरी पर एक के बाद एक चाकू से कई वार कर किशोरी को लहूलुहान कर दिया। किशोरी के चिल्लाने पर बदमाश वहां से फरार हो गए।
मेडिकल कॉलेज में किशोरी का चल रहा इलाज
किशोरी की आवाज सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, इसके बाद किशोरी के परिजनों को मामले की जानकारी दी गई। परिजन किशोरी को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां किशोरी का उपचार चल रहा है। पुलिस द्वारा किशोरी से पूछताछ की गई। पूछताछ में किशोरी ने पुलिस को बताया कि एक बाइक पर 3 युवक सवार थे। युवकों ने अपने चेहरे पर मास्क लगाए हुआ था।
पुलिस अभियोग पंजीकृत कर जांच में जुटी
इसके चलते ही युवकों को पहचान पाना मुश्किल था। किशोरी पर हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अभियोग पंजीकृत कर जांच में जुटी है। सीसीटीवी के आधार पर बाइक सवार बदमाशों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।