UP Board Paper Leak: यूपी में पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक का विवाद अभी थमा ही था कि अब यूपी बोर्ड की 12वीं के पेपर लीक का मामला सामने आ गया है। बताया जा रहा है कि 12वीं के जीव विज्ञान और गणित का पेपर गुरुवार को परीक्षा शुरू होने के एक घंटे बाद आगरा में व्हाट्सएप के दो ग्रुप पर वायरल होने लगा।
इस मामले को लेकर यूपी बोर्ड ने एक्शन लिया है। आगरा में जिस कॉलेज से पेपर लीक हुआ था, उस कॉलेज की मान्यता निरस्त की गई है। यूपी बोर्ड की बैठक में कॉलेज की मान्यता निरस्त करने का निर्णय लिया गया है। यह कॉलेज आगरा की श्री अतर सिंह इंटर कॉलेज रोझौली है और यहीं से 12वीं का पेपर लीक हुआ था।
29 फरवरी को 3 बजकर 11 मिनट पर “आल प्रिंसिपल्स आगरा” नाम के व्हाट्सएप ग्रुप पर पेपर लीक हुआ था। कॉलेज में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर विनय चौधरी द्वारा पेपर व्हाट्सएप ग्रुप पर डाला गया था। हालांकि तब तक पेपर शुरू हुए एक घंटा 11 मिनट का समय बीत चुका था। सभी परीक्षार्थी अपने-अपने परीक्षा केदो में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा दे रहे थे।
यूपी बोर्ड का दावा है कि इससे परीक्षा की शुचिता किसी भी स्तर पर प्रभावित नहीं हुई है। डीआईओएस आगरा द्वारा इस घटना को लेकर मुख्य आरोपी विनय चौधरी विद्यालय के केंद्र व्यवस्थापक राजेंद्र सिंह, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक गंभीर सिंह स्टैटिक मजिस्ट्रेट गजेंद्र सिंह और अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
अब इस मामले में अब तक केंद्र व्यवस्थापक राजेंद्र सिंह व एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि स्टैटिक मजिस्ट्रेट से पूछताछ की जा रही है। यूपी बोर्ड के सचिव दिब्य कांत शुक्ल ने विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि मुख्य आरोपी विनय चौधरी और अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट- सईद अहमद