बिहार : विधानसभा चुनाव 2025 में भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव की एंट्री हो गई है। उन्होंने अपने हालिया बयान में कहा कि वह बिहार विधानसभा
चुनाव में पत्नी चंदा देवी को उम्मीदवार बनने के लिए मना रहे हैं। खेसारी ने कहा कि अगर उनकी पत्नी नहीं मानीं तो वह तेजस्वी यादव के लिए प्रचार करेंगे।
खेसारी लाल ने कहा कि वे चाहते हैं उनकी पत्नी चुनाव मैदान में उतरें। खेसारी ने मुस्कुराते हुए कहा, मैं चार दिन से अपनी पत्नी को मना रहा हूं। कि चुनाव लड़ लो, अगर वो मान गईं तो नामांकन दाखिल करेंगे। नहीं तो बस भइया (तेजस्वी यादव) के लिए प्रचार करूंगा।
खबर है कि आरजेडी की ओर से उन्हें छपरा सीट से टिकट दिया जा सकता है। लेकिन क्षेत्र में सियासी चर्चाएं तेज हैं कि चंदा देवी चुनाव मैदान में उतर सकती हैं। खेसारीलाल यादव खुद भी पिछले कुछ सालों से राजनीतिक चर्चाओं में बने हुए हैं। और उनके चुनाव लड़ने को लेकर अटकलें लगातार बढ़ रही हैं।
अगर चंदा देवी छपरा सीट से नामांकन करती हैं, तो यह आरजेडी के चुनावी समीकरण बदल सकता है। खेसारीलाल के रसूख के चलते उनकी पत्नी की पारी चुनावी माहौल पर बड़ा असर डालेगी। इस बार भोजपुरी फिल्म और संगीत इंडस्ट्री का असर चुनावी रण में लगातार बढ़ रहा है। पवन सिंह भाजपा में सक्रिय हो गए हैं।
वहीं लोक गायिका मैथिली ठाकुर भी भाजपा में शामिल हो चुकी हैं। दूसरी ओर, गायक और अभिनेता रितेश पांडे और राधेश्याम रसिया भी चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। इस बार सियासत में मनोरंजन और लोकप्रियता का तड़का लगने वाला है। और फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज छुपे रूप में पार्टियों के लिए वोटरों को साधने का नया हथियार बनते नजर आ रहे हैं।