नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पूर्व पीएम मनमोहन सिंह (Manmohan Singh) को 91वें जन्मदिन के मौके पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा, ‘पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. मैं आपके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं।’
देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह आज अपना 91वां जन्मदिन मना रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री को देशभर से इस मौके पर बधाई संदेश मिल रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री 26 सितंबर, 1932 को ब्रिटिश इंडिया के पंजाब प्रांत के चकवाल जिले में जन्में जो जिला अब पाकिस्तान में आता है। प्रधानमंत्री पद संभालने से पहले उन्होंने 1982 से लेकर 1985 तक रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर के तौर पर काम किया।
मनमोहन सिंह, जिन्होंने 1991-1996 तक तत्कालीन प्रधान मंत्री पीवी नरसिम्हा राव के नेतृत्व वाली सरकार में वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया, को सरकार द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों के प्रमुख वास्तुकार के रूप में श्रेय दिया जाता है, जिसने समाजवादी युग की नीतियों की पकड़ को तोड़ दिया। भारत में 1991 में आर्थिक उदारीकरण लाने में उनका बड़ा हाथ रहा।
उनकी वजह से देश में ‘लाइसेंस राज’ समाप्त हो पाया। मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 तक भारत के प्रधान मंत्री के रूप में कार्य किया। वह न सिर्फ देश के एक महान राजनेता हैं, बल्कि उनकी पहचान एक बेहतरीन अर्थशास्त्री के तौर पर भी होती है। मनमोहन सिंह ने पंजाब यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की और फिर आगे की शिक्षा के लिए वह ब्रिटेन चले गए।
यह भी पढ़ें: CTET Result 2023 ctet.nic.in पर घोषित; स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए सीधा लिंक
ब्रिटन की कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से उन्होंने अर्थशास्त्र में फर्स्ट क्लास से अपनी डिग्री हासिल की। उनकी अर्थशास्त्र में खासा दिलचस्पी रही है। पूर्व प्रधानमंत्री ने 1962 में ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र में डी.फिल पूरा किया। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स के फैकल्टी मेंबर के तौर पर भी काम किया। उन्होंने 1987 और 1990 के बीच जिनेवा में दक्षिण आयोग के महासचिव के रूप में कार्य किया। वर्तमान में राज्यसभा सदस्य मनमोहन सिंह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे हैं।