लखनऊ: सहायक उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में फर्जी शैक्षिक दस्तावेज लगाने वाले के खिलाफ लखनऊ के हुसैनगंज थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। भर्ती बोर्ड के डीएसपी ने गोपनीय शिकायत पर हुई जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर यह एक्शन लिया है।
साथ ही आरोपी का चयन भी निरस्त कर दिया गया है। डीएसपी एहसान उल्लाह खान की तरफ से दर्ज एफआईआर में लिखाया है कि 2021 में सहायक उप निरीक्षक (लेखा) पदों पर सीधी भर्ती में अयोध्या के ओमपुरम कालोनी निवासी कृष्ण कुमार गिरि ने आवेदन किया था।
कृष्ण कुमार ने लिखित परीक्षा पास करने के साथ फिजिकल भी पास कर लिया। इसी बीच एक गोपनीय शिकायत आई कि कृष्ण कुमार ने पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन कंप्यूटर साइंस (PGDCA) का फर्जी प्रमाण पत्र लगाया है, जिसकी जांच अयोध्या पुलिस को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि डिप्लोमा फर्जी है। वहीं हुसैनगंज पुलिस के मुताबिक तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।