अब उत्तर प्रदेश के नागरिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यालय तक अपनी बात सीधे पहुंचा सकते हैं। शनिवार को राज्य के लोगों को सीएम कार्यालय से सीधे संवाद करने में सक्षम बनाने के लिए ‘Chief Minister Office, Uttar Pradesh’ के नाम से एक नया व्हाट्सएप चैनल लॉन्च किया गया है। इस चैनल के माध्यम से लोग आसानी से अपने विचार और चिंताएं सीएम कार्यालय के साथ साझा कर सकते हैं।
इस व्हाट्सएप चैनल की खास बात यह है कि मुख्यमंत्री कार्यालय से सीधे और त्वरित अपडेट प्राप्त करने के लिए इस व्हाट्सएप चैनल से लोग आसानी से जुड़ सकते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ आम नागरिकों से संवाद के लिए व्हाट्सएप चैनल का उपयोग करने की अनूठी पहल करने वाले भी पहले मुख्यमंत्री हैं।
अब Whatsapp के जरिए उत्तर प्रदेश के नागरिक सीधे CM से कर सकेंगे बात
UP Chief Minister Office, CMO के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर कहा गया, ”मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता ‘एक परिवार’ है और मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ‘परिवार’ के प्रत्येक सदस्य की खुशहाली एवं समृद्धि हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
संवाद को लोकतंत्र की आत्मा मानने वाले मुख्यमंत्री जी के ‘उत्तर प्रदेश परिवार’ के प्रत्येक सदस्य से सहज संवाद के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचार के सशक्त व सरल माध्यम Whatsapp का उपयोग करते हुए Chief Minister Office, Uttar Pradesh नाम से आधिकारिक वॉट्सएप चैनल शुरू किया गया है।