हरदोई :-राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने हरदोई का दौरा किया। वे रानी अहिल्याबाई होल्कर स्मृति अभियान कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पहुंचीं, जहां उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने दौरे के दौरान अपर्णा यादव ने महिला चिकित्सालय और महिला बंदी गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं से संवाद करते हुए शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र महिलाओं को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बिहार के तेज प्रताप यादव प्रकरण पर भी प्रतिक्रिया दी। अपर्णा यादव ने कहा कि, “राजनीतिक घराने से होने के बावजूद हर व्यक्ति का एक निजी जीवन होता है। यदि महिला के साथ अन्याय हुआ है, तो उसे न्याय मिलना चाहिए। बिहार में महिला आयोग नहीं होने के बावजूद महिला को न्याय मिलना एक सकारात्मक संकेत है।”
लखनऊ में हाल ही में हुए पोस्टर वार पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “राजनीतिक रणनीति में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। वाद-विवाद और प्रतिस्पर्धा लोकतंत्र और राजनीति का हिस्सा हैं।”
अपर्णा यादव के इस दौरे को महिलाओं के हित में सक्रिय कार्यों और राजनीतिक चर्चाओं के बीच संतुलन बनाए रखने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।