Hardoi News: हरदोई में मंगलवार को पूर्व मंत्री नकुल दुबे समेत कांग्रेसियों को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। इसके बाद गांधी भवन के बाहर सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे वहीं पूरे मामले के बाद कांग्रेस समर्थकों में आक्रोश देखा जा रहा है। कांग्रेसी इस कार्रवाई के बाद सरकार पर निशाना साध रहे हैं।
पुलिस ने यह कार्रवाई तब की, जब कांग्रेस पार्टी ने गांधी भवन सभागार में जिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं जिला प्रभारी नकुल दुबे शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद कांग्रेसियों ने आंबेडकर पार्क में बाबा साहब की मूर्ति पर माल्यार्पण का ऐलान किया। सभी वहां जाने लगे। इसी बीच पुलिस ने उन्हें रोक लिया। सभी को वापस गांधी भवन लाया गया। इसके बाद उन्हें नजरबंद कर दिया गया।
लगभग एक घंटे तक गांधी भवन के बाहर पुलिस फोर्स तैनात की गई। इस दौरान एक-एक कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला गया। वहीं पूर्व मंत्री नकुल दुबे से बातचीत के बाद उन्हें और पांच लोगों को आंबेडकर पार्क जाने की इजाजत दी गई। पुलिस की मौजूदगी में पांचों नेताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
पूरे मामले पर नकुल दुबे ने कहा, “हम पूरे देश और प्रदेश की दिक्कतों के बारे में बैठक कर रहे थे। इसके बाद शांतिपूर्ण ढंग से बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने जा रहे थे। इस दौरान जिला प्रशासन ने हमें अनुमति नहीं दी। बाद में हमें पांच लोगों को अनुमति दी गई। हम यही दोहरा रहे हैं कि हम संविधान की सुरक्षा करेंगे। लेकिन सरकार पूरी तानाशाही दिखा रही है।