नई दिल्ली: संसद में बुधवार को हुई घुसपैठ के मामले में जांच चल रही है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि इस साजिश में 6 लोग शामिल थे, जिनमें से 4 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है, और 2 लोग अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश चल रही है, जिन 4 लोगों ने संसद में घुसपैठ की, उनमें से 2 दर्शक दीर्घा में पहुंचे थे। वहां से वे लोकसभा कक्ष में कूद गए और जूते में छिपाकर लाए गए कनस्तर से पीला धुंआ छोड़ा।
वहीं, 1 महिला और 1 पुरुष ने संसद परिसर में पीला धुंआ छोड़ा व नारेबाजी की। इन चारों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। लोकसभा कक्ष में घुसने वाले 2 लोगों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी. के रूप में हुई है। सागर शर्मा कर्नाटक का रहने वाला है। उसके पिता का नाम शंकरलाल शर्मा है। वह मैसूरु से सांसद प्रताप सिम्हा के गेस्ट के रूप में संसद के दर्शक दीर्घा में पहुंचा था।
वहीं 35 साल का मरोरंजन डी कर्नाटक के मैसूर का रहने वाला है। उसने बेंगलुरु के विवेकानंद विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री ली है। सागर शर्मा और मनोरंजन डी ने दर्शक दीर्घा से लोकसभा कक्ष में छलांग लगाई थी। दोनों को सांसदों ने पकड़ा और सुरक्षाकर्मियों के हवाले कर दिया।
वहीं, संसद परिसर में घुसकर नारेबाजी करने वाली महिला की पहचान नीलम और उसके साथ मौजूद पुरुष की पहचान अनमोल के रूप में हुई है। नीलम हरियाणा की है। वह हिसार में पीजी में रहकर हरियाणा सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रही थी। उसने संसद परिसर में नारेबाजी की। वहीं अनमोल महाराष्ट्र के लातूर जिले का है। उसने भी संसद परिसर में हंगामा किया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि न तो नीलम और न ही अनमोल के पास मोबाइल फोन था। उनके पास कोई बैग या पहचान पत्र नहीं था।
प्राथमिक जांच से पता चला है कि चारों एक दूसरे को जानते थे। वे सोशल मीडिया पर संपर्क में रहते थे। इन्होंने दो और लोगों के साथ मिलकर संसद में घुसपैठ की साजिश रची थी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक संसद में घुसपैठ की साजिश में शामिल 5 लोग बाहर से दिल्ली आए थे। वे गुरुग्राम में ललित झा नाम के व्यक्ति के घर में रुके थे।