जयपुर: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के संस्थापक सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार 5 दिसंबर दोपहर 1:30 बजे जयपुर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोगामेड़ी को उनके घर के अंदर गोली मारी गई, जिसके बाद बंदूकधारी मौके से भाग गए। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। कुल 17 राउंड फायरिंग हुई जिसमें 4 गोलियां सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को लगी। घायलावस्था में मानसरोवर स्थित मेट्रो मास अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हमले के दौरान उनके पास सिक्योरिटी गार्ड खड़ा था, उसे भी गोली लगी है। वह आईसीयू में है। क्रॉस फायर में एक हमलावर की भी मौत हो गई है। उसका नाम नवीन सिंह शेखावत है। मूल रूप से शाहपुरा के पास का रहने वाला है। अभी जयपुर में रह रहा था। दोनों हमलावरों की तलाश में पुलिस ने नाकाबंदी कर दी है। जगह-जगह बैरिकेटिंग कर हमलावरों को तलाशा जा रहा है।
रोहित गोदारा, गोल्डी बरार ने ली जिम्मेदारी
घटना के तुरंत बाद, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर रोहित गोदारा ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी हम लेते हैं। यह हत्या हमने करवाई है। यह हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था। उन्हें मजबूत करता था। साथ ही पोस्ट में दुश्मनों को धमकी भी दी गई है कि वह भी अपनी अर्थी को तैयार रखें।
रोहित गोदारा, गोल्डी बरार ने ली जिम्मेदारी |
सीसीटीवी फुटेज आया सामने
वीडियो में दो लोग सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर कई गोलियां चलाते और दरवाजे पर खड़े एक अन्य व्यक्ति को गोली मारते नजर आ रहे हैं। गोगामेड़ी को गोली लगने से घायल होकर फर्श पर गिरते हुए देखा गया है। हालाँकि घटना के बाद गोगामेड़ी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटों के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
राजस्थान के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उमेश मिश्रा ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, चार लोग एक घर में घुस गए जहां गोगामेड़ी मौजूद थे और उन्होंने उन पर गोलियां चला दीं। गोलीबारी में गोगामेड़ी का एक सुरक्षाकर्मी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।” पुलिस घटना की जांच कर रही है।