लखनऊ: कोहरे की वजह से ट्रेन और फ्लाइट के लेट होने का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में जहां लखनऊ से बनारस जाने वाली फ्लाइट उड़ नहीं सकी। वहीं मंगलवार रात को मुंबई से लखनऊ आने वाले एयर इंडिया का विमान आईएक्स 2773 अमौसी एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर पाया। इसको मुंबई डायवर्ट किया गया।
इसके अलावा लखनऊ आने वाले विमानों में मस्कट की उड़ान डेढ़ घंटे, कोलकाता से आने वाली उड़ान सवा घंटे, दुबई का विमान दो घंटे, रियाद की फ्लाइट एक घंटे की देरी से आईं। प्रयागराज से आने वाला विमान पौने घंटे की देरी से आया।जबकि लखनऊ से मस्कट की फ्लाइट पौने दो घंटे, लखनऊ से दुबई की उड़ान ढाई घंटे, जेद्दा की उड़ान पौने घंटे लेट रही। जबकि लखनऊ से गोरखपुर की फ्लाइट पांच घंटे, दुबई का विमान एक घंटे, दिल्ली की फ्लाइट पौने घंटे की देरी से उड़ पाईं। इसकी वजह से करीब 2 हजार से ज्यादा यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।