हरदोई: हरदोई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार ने एक महिला और बच्चों को रौंद दिया। महिला और बच्चों का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर है। घटना CCTV वीडियो में कैद हो गई। ये घटना 16 दिसंबर की बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि उन्हें अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
मामला थाना कोतवाली शहर क्षेत्र में फर्दापुर गांव का है, जहां एक महिला अपने बेटे और भतीजे के साथ खेत से वापस लौट रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार को बचाने की कोशिश में एक तेज रफ्तार कार ने तीनों को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार महिला और बच्चों को रौंदते हुए दिखाई दे रही है।
एक्सीडेंट के बाद महिला और बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। महिला की पहचान फर्दापुर गांव की सावित्री के रूप में हुई है। उनके साथ 13 साल का बेटा रामजी और 8 साल का भतीजा अनुराग मौजूद था। तेज रफ्तार कार बिलग्राम की ओर से हरदोई की तरफ आ रही थी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हैं।
वहीं इस मामले में सीओ यातायात अंकित मिश्र ने बताया कि कोतवाली शहर के फर्दापुर में सड़क पार कर रहे तीन लोगों का गाड़ी द्वारा एक्सीडेंट का मामला सामने आया है। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।