हरदोई न्यूज़: उत्तर प्रदेश सरकार ने हरदोई और गोरखपुर के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को हटा दिया है। इन अधिकारियों को अब डायट में उपप्राचार्य के पद पर तैनात किया गया है। हरदोई के बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह को मैनपुरी डायट भेजा गया है। जबकि गोरखपुर के बीएसए रामेंद्र कुमार सिंह को हरदोई डायट में उपप्राचार्य बनाया गया है। यह आदेश राज्यपाल के विशेष सचिव द्वारा जारी किया गया।
हरदोई के बेसिक शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह का कार्यकाल अकसर सुर्खियों में रहा है। उनके कार्यकाल के दौरान कई विवाद भी सामने आए। इससे पहले 1 जुलाई 2024 को उनका तबादला किया गया था। जिससे विभाग में काफी हलचल मच गई थी। उस समय बरेली में मनोवैज्ञानिक के पद पर कार्यरत रतन कीर्ति को हरदोई का नया बेसिक शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया था। लेकिन विजय प्रताप सिंह ने उन्हें चार्ज नहीं दिया था।
रतन कीर्ति ने शासन से गुहार लगाई लेकिन 15 दिनों तक प्रयास करने के बावजूद उन्हें पदभार नहीं मिल सका। बताया जाता है कि पूर्वांचल के एक बड़े नेता से करीबी रिश्ता होने के कारण विजय प्रताप सिंह ने दोबारा हरदोई बेसिक शिक्षा अधिकारी का पद ग्रहण कर लिया था।
हालांकि शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल की सराहना की है। शिक्षक अब्दुल मुकीम बेग ने कहा की विजय प्रताप सिंह जैसे समर्पित अधिकारी कम ही मिलते हैं। उन्होंने बेसिक शिक्षा में कई नवाचार किए और हरदोई के शिक्षा तंत्र को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
