शाहाबाद/हरदोई। तहसील के ग्राम चठिया नेवादा के प्रधान ने अपने कथित जेलर भाई के इशारे पर प्राइमरी स्कूल के समीप पीडब्ल्यूडी की जमीन पर खड़ा विशालकाय चांदनी का पेड़ निजी स्वार्थ में कटवा लिया। शाहाबाद और पिहानी के वन अधिकारियों ने संज्ञान लेकर संयुक्त कार्यवाही करते हुए चांदनी की लकड़ी को बरामद किया।
थाना मंझिला के ग्राम चठिया नेवादा में प्राइमरी स्कूल के समीप पीडब्ल्यूडी की जमीन पर सड़क के किनारे सरकारी पेड़ लगे हुए हैं।इन्हीं पेड़ों के पीछे प्रधान के भाई जो लखनऊ में किसी बड़े पद पर कार्यरत हैं उनका बाग है। प्रधान शनि सिंह ने अपने भाई के साथ मिलकर सड़क के किनारे लगा विशालकाय चांदनी का पेड़ निजी स्वार्थ के चलते काट लिया। वन रक्षक हरपाल सिंह ने पेड़ काटने से मना किया तो अपने आपको जेलर बताते हुए प्रधान के भाई सुनील सिंह ने गाली गलौज करते हुए धमकाया।
उन्होंने एक सिपाही संजीव सिंह को लखनऊ से नेवादा भेजा है। वन रक्षक की शिकायत पर शाहाबाद और पिहानी के वन अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए चांदनी की लकड़ी को जब्त करने की करवाही की है। क्षेत्रीय वन अधिकारी आलोक शर्मा ने बताया सरकारी भूमि पर खड़े हरे पेड़ को निजी लाभ के लिए काटा गया है कार्यवाही करते हुए लकड़ी को जब्त किया गया है। आगे की कार्यवाही प्रचलित है।