लखनऊ – उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य में 45,000 से अधिक होमगार्ड स्वयंसेवकों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। यह भर्ती अब पुलिस भर्ती की तर्ज पर की जाएगी ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रहे। आवेदन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी जल्द जारी की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड अब होमगार्डों की भर्ती का भी संचालन करेगा। राज्य सरकार ने इसके लिए “उत्तर प्रदेश राज्य होमगार्ड एनरोलमेंट मार्गदर्शिका” जारी कर दी है। भर्ती की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवेदकों का ऑनलाइन पंजीकरण जिलेवार रिक्तियों के अनुसार किया जाएगा। प्रत्येक जिले के होमगार्ड जिला कमांडेंट रिक्त पदों का विवरण उपलब्ध कराएंगे।
शासनादेश के अनुसार सभी जिलों में होमगार्ड के रिक्त पदों पर पंजीकरण की कार्यवाही पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा की जाएगी। होमगार्ड स्वयंसेवकों का पंजीकरण उनके निवास के जिलों में उत्पन्न रिक्तियों के अनुसार होमगार्ड विभाग द्वारा भेजे जाने वाले अधियाचन के अनुरूप होगा। पंजीकरण वर्ष एक जुलाई से प्रारंभ होगा। वर्ष के दौरान भरी जाने वाले रिक्तियों की संख्या, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षित की जाने वाली रिक्तियों की संख्या की पूरी जानकारी डीजी होमगार्ड को भेजी जाएगी।
पुरुष व महिला के लिए रिक्तियों की अलग-अलग संख्या भी स्पष्ट की जाएगी। आरक्षण की गणना उपलब्ध रिक्तियों के अनुरूप होगी। होमगार्ड पंजीकरण के लिए डीजी होमगार्ड जिलेवार रिक्तयों की सूचना आरक्षण की गणना के बाद निर्धारित प्रारूप में पुलिस भर्ती बोर्ड को भेजेंगे। इसके उपरांत भर्ती बोर्ड निर्धारित अर्हताओं के साथ जिलेवार पंजीकरण के लिए ऑनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित करेगा।
भर्ती की पूरी प्रक्रिया
- आवेदक केवल अपने जिले के लिए आवेदन कर सकेंगे।
 - सार्वजनिक, शासकीय, अर्ध-शासकीय या किसी निगम/निकाय में नियमित कार्यरत व्यक्ति आवेदन के पात्र नहीं होंगे। किसी निगम या निकाय से हटाए गए कर्मचारी का पंजीकरण भी नहीं होगा।
 - जिन उम्मीदवारों के विरुद्ध कोई आपराधिक मामला लंबित है या जिनकी एक से अधिक शादियां हैं, वे भी पात्र नहीं होंगे।
 - पंजीकरण केवल 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए मान्य होगा और प्रमाणपत्र संलग्न करना अनिवार्य होगा।
 
चयन प्रक्रिया
भर्ती तीन चरणों में होगी:
- लिखित परीक्षा (100 अंक, 2 घंटे की अवधि)
 - दस्तावेज़ सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण (PST)
 - शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET)
 
- पुरुष अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर दौड़ 28 मिनट में,
 - महिला अभ्यर्थियों को 2.4 किलोमीटर दौड़ 16 मिनट में पूरी करनी होगी।
 
अतिरिक्त अंक (Bonus Marks)
- NCC प्रमाणपत्र या भारत स्काउट एंड गाइड प्रमाणपत्र: 1–3 अंक
 - आपदा मित्र प्रशिक्षण प्रमाणपत्र: 3 अंक
 - चारपहिया वाहन ड्राइविंग लाइसेंस: 1 अंक
 
आयु सीमा और दस्तावेज़
- न्यूनतम आयु: 18 वर्ष
 - अधिकतम आयु: 30 वर्ष
 - आयु की गणना पंजीकरण वर्ष की 1 जुलाई को की जाएगी।
 - आयु प्रमाण के लिए केवल हाईस्कूल प्रमाणपत्र मान्य होगा।
 
अभिलेखों की जांच व शारीरिक मानक परीक्षा होगी। इसके लिए हर जिले में डीएम द्वारा नामित उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक बोर्ड गठित होगा।बोर्ड में एक सीओ, डीआईओएस द्वारा नामित एक राजपत्रित अधिकारी व एक चिकित्साधिकारी बतौर सदस्य शामिल रहेंगे। अंत में अभ्यर्थियों की दौड़ होगी। परीक्षा परिणाम जिलेवार जारी होगा। पंजीकरण के लिए कोई प्रतीक्षा सूची तैयार नहीं होगी