लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को दीपावली से पहले 10.28 लाख छात्रों के बैंक खाते में 297 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति के भेजे। राजधानी लखनऊ के लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण में लगातार पारदर्शिता बढ़ाई जा रही है। यही कारण है कि अब छात्रों को समय पर और पूरी छात्रवृत्ति मिल रही है।
वर्ष 2016-17 में जहां 46 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई थी वहां अब 62 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने तो वर्ष 2016-17 में अनुसूचित जाति व जनजाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति ही नहीं दी थी उसे मैंने सत्ता में आने पर दिया। छात्रवृत्ति में भ्रष्टाचार को खत्म किया।
योगी ने सभी छात्रों को खासकर अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्रों से विशेष आग्रह किया कि वह स्कूल जरूर जाएं। छात्र पढ़ लिखकर समाज व देश की तकदीर बदलें।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले वर्ष के अंत में छात्रवृत्ति मिलती थी। अब वर्ष में दो बार अक्तूबर और जनवरी में देने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आज स्कॉलरशिप पाने वालों की संख्या बढ़ गई। उन्होंने कहा कि पढ़ाई में कहीं कोई बाधा न आए। इसके लिए सरकार लगातार काम कर रही है।