लखनऊ। पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने अखिलेश यादव से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार में दलितों के साथ अन्याय और अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाया है। सपा प्रमुख ने कहा कि अपराधियों को भाजपा सरकार का संरक्षण मिला हुआ है। हर स्तर पर भेदभाव हो रहा है। एक तरफ सत्ता समर्थक, पीडीए को तरह-तरह से अपमानित कर रहे हैं। वहीं सरकार पीडीए की नौकरी, आरक्षण और उनके हक छीन रही है।
सपा प्रमुख ने कहा कि रायबरेली में एक नौजवान की पीट-पीट कर हत्या हुई। लखनऊ मे काकोरी में बुजुर्ग के साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया, ये चंद घटनाएं है। भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश में वंचितों और महिलाओं के साथ अपराध की घटनाएं देश में सबसे ज्यादा हो रही है। पुलिस-प्रशासन ऐसी घटनाओं पर मूकदर्शक बना रहता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के दबाव में पुलिस असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई नहीं करती। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर पुलिस का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है। भाजपा सरकार जाएगी, तभी वंचितों, पिछड़ों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों को न्याय और नौकरी-आरक्षण मिलेगा। वहीं सपा प्रमुख ने एक्स पर पोस्ट कर गोरखपुर एक्सप्रेस के निर्माण पर भी सवाल उठाए।
सपा प्रमुख से मिले पूर्व विधायक इरफान सोलंकी
हाल ही में जेल से रिहा हुए सपा के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी ने गुरुवार को अपनी पत्नी सीसामऊ विधायक नसीम सोलंकी व अन्य स्वजन के साथ पार्टी मुख्यालय पर अखिलेश यादव से मुलाकात की। पूर्व विधायक ने कहा कि बुरे वक्त में पार्टी प्रमुख ने उनका परिवार की तरह साथ दिया, पत्नी को टिकट देकर सम्मान बढ़ाया। अगले चुनाव में उत्तर प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी।
