मुंबई: पहले कन्नड़ और अब पैन इंडिया सुपरस्टार यश का आज जन्मदिन है। वह आज 38 साल के हो गए हैं। यश ने ‘KGF’ के दोनों पार्ट से न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी प्रसिद्धि हासिल की। उनके जन्मदिन के मौक पर एक दुखद घटना उनके फैंस के साथ हुई है। बताया जा रहा है कि तीन फैन्स का सेलिब्रेशन की तैयारी के दौरान निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक्टर का कट-आउट लगाते वक्त करंट लगने से उन तीनों की मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य को गंभीर रूप से घायल भी बताया जा रहा है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह दुर्घटना कर्नाटक के गडक में हुई।
मृतकों की पहचान 24 साल के हनुमंत हरिजन, 20 साल के मुरली नादुमणि और 20 साल नवीन गाजी के रूप में की गई है। घटना में मंजूनाथ हरिजन, प्रकाश म्यागेरी और दीपक हरिजन गंभीर रूप से झुलस गए हैं। गांव के युवाओं का एक समूह 8 जनवरी को ‘KGF’ सीरीज के सुपरस्टार यश के जन्मदिन के अवसर पर उनके प्रति अपने प्यार का इजहार करने के लिए कट-आउट लगा रहा था।
रात में अंधेरा होने के कारण हाईटेंशन बिजली का तार नजर नहीं आया। स्थानीय विधायक चंद्रू लमानी ने लक्ष्मेश्वर के अस्पताल में घायल लोगों से मुलाकात की और घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। जिले के प्रभारी मंत्री एच.के. पाटिल ने कहा कि उन्होंने डीसी और एसपी से जानकारी जुटाई है और मृतकों के मुआवजे के संबंध में सीएम सिद्धारमैया से चर्चा करेंगे।
यश का असली नाम नवीन कुमार गौड़ा है। उन्होंने 2007 में जंबाडा हुडुगी से डेब्यू किया था।। इसके बाद उन्होंने 2008 में रॉकी, 2013 में गूगली और 2014 में मिस्टर एंड मिसेस रामचारी में काम किया था। लेकिन पहचान उनकी KGF चैप्टर 1 से देश और दुनियाभर में बनीं। इसके बाद जब इसका चैप्टर 2 आया तो लोगों के सिर पर रॉकी भाई का खुमार सिर चढ़कर बोलने लगा।