हरदोई: पर्वतारोही अभिनीत मौर्य ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। अभिनीत ने मंगलवार की सुबह 6 बजकर 8 मिनट पर यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस को फतह कर इस चोटी पर तिरंगा लहराया। 18 हजार 510 फीट ऊंचे माउंट एल्ब्रुस को फतह करने वाले अभिनीत ने पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी की फोटो लगे पोस्टर को दिखाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही शिखर से ही देश के वीर जवानों को सैल्यूट भी किया।
वहीं अभिनीत मौर्य ने उन तमाम लोगों को धन्यवाद दिया, जिनकी मदद से अभिनीत यूरोपीय महाद्वीप पहुंचे। अभिनीत ने यह टारगेट किया था कि वे 77वें गणतंत्र दिवस यानी कि 15 अगस्त को माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराएंगे। लेकिन मौसम अनुकूल न होने की वजह से वे ऐसा नहीं कर सके। इसके बाद उन्होंने मौसम सही होते ही बर्फीली पहाड़ी की चढ़ाई शुरू कर दी। पर्वतारोही अभिनीत इस फाइनल चढ़ाई के लिए 21 अगस्त की रात को 10 बजे निकले।
अभिनीत मौर्य ने वीडियो जारी करते हुए कहा, ”चढ़ाई के दौरान तापमान -25 डिग्री तक पहुंच गया था। 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही बर्फीली हवा ने भी कई बार रास्ता रोका, लेकिन देश की शान का ध्यान आते ही मेरा आत्मविश्वास और बढ़ जाता था। चढ़ाई के बाद पूरी तरह थक चुका था। लेकिन चोटी पर जैसे ही तिरंगा फहराया हाथ खुद-ब-खुद सलामी देने के लिए उठ गए।” पर्वतारोही अभिनीत ने तिरंगा लहराते ही राष्ट्रगान गाया।
24 अगस्त की शाम तक नीचे आ पाएंगे अभिनीत मौर्य
इसके बाद वहां से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सूर्य नमस्कार करते हुए अपना वीडियो जारी किया। अभिनीत ने कहा उनके गाइड सलाउद्दीन की वजह से यह संभव हो पाया, वह उनको वह कोटि कोटि धन्यवाद देते हैं। अभिनीत अब वापस नीचे की ओर उतरने लगे हैं। जानकारी मुताबिक वे 24 अगस्त की शाम तक नीचे आ पाएंगे। इसके बाद वे 26 अगस्त को दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे।

आइए जानें अभिनीत मौर्य के बारे में
21 साल के अभिनीत हरदोई का घर विकासखंड कोथावां के आंट सांट गांव में है। उनके पिता चंद्रपाल किसान हैं। दो बड़े भाई और दो बहनें हैं। अभिनीत के अलावा सभी की शादी हो चुकी है। अभिनीत इससे पहले भी कई कीर्तिमान अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने टेबल टॉप जम्मू कश्मीर, करगिल की सबसे ऊंची चोटी माउंट माचोई, केदार कंठा ट्रैक पीक उत्तराखंड और तपोवन ट्रैक उत्तराखंड को फतेह किया है।
अभिनीत मौर्य का इंडिया वर्ल्ड ऑफ रिकॉर्ड में है दर्ज
अभिनीत मौर्य नाम इंडिया वर्ल्ड ऑफ रिकॉर्ड भी दर्ज है। यह रिकॉर्ड अभिनीत ने बेस कैंप से मात्र 3 घंटे में केदारकांठा पीक को सबमिट कर अपने नाम किया था। अभिनीत की हाईस्कूल की शिक्षा गांधी इण्टर कॉलेज बेनीगंज से और इंटरमीडिएट की शिक्षा राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय कछौना से हुई। उन्होंने श्रीमती माधुरी देवी पटेल महाविद्यालय कछौना पतसेनी से स्नातक किया। अभिनीत वर्तमान में डॉ भीमराव अम्बेडकर आईटीआई इंस्टीट्यूट लखनऊ से आईटीआई के छात्र हैं। वे अपनी उपलब्धियों के लिए अपने परिवार और दोस्तों को श्रेय देते हैं।
मंत्री नितिन अग्रवाल ने ट्विट कर दी बधाई
आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने ट्वीट करते हुए अभिनीत के बधाई दी है। उन्होंने ट्विट कर लिखा, “हरदोई के बेटे अभिनीत मौर्य जी ने यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा लहराकर जनपद, देश और प्रदेश का नाम रोशन कर हम सभी को गौरवान्वित किया है। आपको बहुत बहुत बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु ढ़ेरों शुभकामनाएं!”
हरदोई के बेटे अभिनीत मौर्य जी ने यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा लहराकर जनपद, देश और प्रदेश का नाम रोशन कर हम सभी को गौरवान्वित किया है।
आपको बहुत बहुत बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु ढ़ेरों शुभकामनाएं! pic.twitter.com/cG2Z8Ix1po
— Nitin Agarwal (@nitinagarwal_n) August 23, 2023
डिप्टी CM ने ट्विट कर दी बधाई
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट करते हुए अभिनीत के बधाई दी है। उन्होंने लिखा, ”यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊंची पर्वतीय चोटी माउंट एल्ब्रुस पर चढ़ाई कर हरदोई के पर्वतारोही श्री अभिनीत मौर्य जी द्वारा सफलतापूर्वक पर्वतारोहण कर तिरंगा फहराने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आप की साहसिक उपलब्धि ने हम सभी देश व प्रदेशवासियों को गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान किया है जो प्रदेश के युवाओं को साहसिक कार्य के प्रति सदैव प्रेरित करेगी!”
यूरोपीय महाद्वीप की सबसे ऊंची पर्वतीय चोटी माउंट एल्ब्रुस पर चढ़ाई कर हरदोई के पर्वतारोही श्री अभिनीत मौर्य जी द्वारा सफलतापूर्वक पर्वतारोहण कर तिरंगा फहराने के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएंI
आप की साहसिक उपलब्धि ने हम सभी देश व प्रदेशवासियों को गौरवान्वित होने का अवसर प्रदान… pic.twitter.com/y8AmkSFN4r
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) August 23, 2023