लखनऊ: प्रदेश के 913 स्कूलों को अपग्रेड किया जाएगा। राज्य में 25 नए विद्यालय भी शुरू किए जाएंगे। इसके अलावाआकांक्षी नगरीय निकायों में मौजूद किराये या अन्य सरकारी भवनों में संचालित हो रहे 348 आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए नये भवनों का निर्माण कार्य होगा। सरकार इन सभी कार्यों के लिए 143 करोड़ से अधिक खर्च करेगी। साल 2024-25 में 100 आकांक्षी नगरीय निकायों में 398 स्कूलों में अतिरिक्त कक्षाओं की व्यवस्था की जाएगी। सरकार इसके लिए प्रति स्कूल 9.27 लाख और कुल 36.89 करोड़ खर्च करेगी।
वहीं 913 स्कूलों में स्मार्ट क्लास की व्यवस्था के लिए 2.5 लाख और कुल 22.87 करोड़ खर्च करेगी। इसी प्रकार स्मार्ट क्लास के फर्नीचर के लिए सरकार कुल 6.56 करोड़ खर्च करेगी। 25 नये सीएम अभ्युदय कंपोजिट स्कूलों को भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रति स्कूल 1.42 करोड़, जबकि कुल 35.5 करोड़ खर्च किये जाएंगे।
इस प्रकार स्कूलों के अपग्रेडेशन और नये स्कूलों को खोलने के लिए योगी सरकार 101.83 करोड़ खर्च करेगी। वहीं आंगनवाड़ी केंद्र को लेकर भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर अलग से कार्ययोजना तैयार की गई है। प्रदेश के 100 पिछड़े नगरीय निकायों में ऐसे 348 आंगनवाड़ी केंद्र, जो किराये के भवनों या फिर अन्य शासकीय भवनों में संचालित हो रहे हैं, उनके लिए नये भवन बनाए जाएंगे। इनमें 59 केंद्र किराये के भवनों में चल रहे हैं। वहीं, 289 केंद्र अन्य भवनों में संचालित हो रहे हैं। योगी सरकार प्रति आंगनवाड़ी केंद्र लगभग 12 लाख और कुल 41.20 करोड़ खर्च करेगी।