अयोध्या: आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सरयू से संगम तक 200 किलोमीटर की पदयात्रा का शुभारंभ किया है। उन्होंने बुधवार को ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ के नारे के साथ यह यात्रा शुरू कर दी है। इस पदयात्रा की शुरुआत पावन नगरी अयोध्या में नया घाट स्थित सरयू तट पर माता सरयू की आरती से हुई।
संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार से हर हाथ को रोजगार और हर व्यक्ति को न्याय देने की मांग को लेकर अपने राजनीतिक गुरु प्रख्यात समाजवादी रघु ठाकुर जी से आशीर्वाद लेकर सरयू तट से यात्रा का शुभारंभ किया। जानकारी के मुताबिक सांसद संजय सिंह की ‘रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो’ यात्रा 13 दिनों तक चलेगी। यह पदयात्रा अयोध्या से शुरू होकर सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अमेठी होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी।
करीब 200 किलोमीटर दूरी तय करने वाली सरयू से संगम तक की इस पदयात्रा में संजय सिंह के साथ उनके राजनीतिक गुरु रघु ठाकुर, दिल्ली के विधायक एवं यूपी सह-प्रभारी अनिल झा, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष व पदयात्रा समिति के अध्यक्ष सभाजीत सिंह, अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे, महिला विंग प्रदेश अध्यक्षा नीलम यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : विधवा पेंशन योजना: घर बैठे करें अप्लाई मिलेंगे हर महीने 1000 रुपये
इस अवसर पर संजय सिंह ने कहा, “यह पदयात्रा उत्तर प्रदेश के युवाओं, किसानों और शोषित समाज की आवाज है। हमारा संघर्ष तब तक जारी रहेगा जब तक हर हाथ को रोजगार और हर व्यक्ति को न्याय नहीं मिल जाता। यह यात्रा जनता के हक और सम्मान के लिए है, न कि किसी कुर्सी के लिए।”