आगरा: 6 दिसंबर की तारीख पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव आगरा की हजरत सलीम शेख चिश्ती की दरगाह पहुंचे। अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी, सपा सांसद डिंपल यादव और सांसद जया बच्चन भी मौजूद रहीं। अखिलेश यादव ने हजरत सलीम दरगाह पर चादर चढ़ाई और मन्नत का धागा बांधा। 2012 में भी अखिलेश यादव ने यहां मन्नत का धागा बांधा था।
अखिलेश यादव ने मीडिया से कहा कि एसआईआर के जरिए वोट कटवाने की चिंता की जा रही है, न कि उसे बढ़ाने की। हमें अपना वोट बचाना है। वहीं इंडिगो फ्लाइट कैंसिल होने पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंडिगो क्राइसिस के जरिए उद्योगपतियों को मजबूत किया जाएगा तो ऐसी ही समस्या आएंगी।
मथुरा में साफ होगी यमुना
अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार सरकार बनेगी तो लखनऊ में जिस तरह से गोमती रीवर फ्रंट बना है, उसी तरह से मथुरा में यमुना को साफ करेंगे। आगरा में यमुना बिल्कुल साफ दिखेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाकर भी बोलेंगे कि आपने यमुना इतनी गंदी क्यों की है।
भाजपा की रणनीति से सीखेंगे अखिलेश
अखिलेश ने इस बार टिकट वितरण को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा से रणनीति बनाना सीखना होगा, और पार्टी इस बार चुनावी सर्वे कराकर ही टिकट तय करेगी। बता दें अखिलेश यादव ने खुलकर बीजेपी से कुछ सीखने की बात पहली बार कही है। वहीं दरगाह पर सपा प्रमुख की यह मौजूदगी आगामी चुनावी माहौल में राजनीतिक रूप से भी अहम मानी जा रही है।
पीडीए की किस्मत की किताब है संविधान
बिना किसी का नाम लिए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्चस्ववादी लोग पीडीए का अपमान करते हैं। सुप्रीम कोर्ट में जूता फेंका जाता है। संविधान की किताब हमारे हक और आरक्षण की रक्षा कर रही है। अगर संविधान कमजोर होगा तो पीडीए कमजोर होगा।
यमुना नाले जैसी दिख रही
मेट्रो रेल परियोजना और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कहा कि ये सपा की उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाले वाले कहते हैं कि बिहार से गंगा बहकर बंगाल तक जाएगी, मगर इस बार यमुना उल्टी बहेगी। यमुना का हाल कितना बदतर हो गया है। बीजेपी वाले कहते हैं कि यमुना आचमन करने लायक है, लेकिन ये तो नाला दिखाई देता है। दिल्ली वाले लोग गंदगी फैलाते हैं। हम मथुरा से सफाई करते हुए आगरा तक यमुना को साफ करके लेकर आएंगे।
यह भी पढ़ें : पैन कार्ड केस में फैसला आजम खान और उनके बेटे को 7-7 साल की सजा